twitter
rss

किसी भी प्रकार की नई worksheet, quiz, tests, PPT, games को पाने के लिए हमारे WHATSAPP GROUP से जुड़े। Click on - JOIN WHATSAPP
Showing posts with label Article. Show all posts
Showing posts with label Article. Show all posts

Scholarship for Sanskrit Learners- क्या आप स्कूल या कॉलेज में संस्कृत को एक विषय के रूप में पढ़ रहे हैं? यदि हाँ, तो आप केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से प्रदान की जाने वाली इस स्कॉलरशिप के लिये 15 सितम्बर 2024 तक आवेदन कर सकते हैं। केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से संस्कृत पढ़ने वाले छात्रों के लिये छात्रवृत्ति प्रदान करने को लेकर एक अधिसूचना जारी की गयी है। यह छात्रवृत्ति उन छात्रों को मिलेगी जिन्होंने पिछले साल संस्कृत पढ़ी हो और इस साल भी संस्कृत को एक विषय के तौर पर पढ़ रहे हों। इसके ज़रिये आप पाँच हज़ार रुपये से लेकर दस हज़ार तक की छात्रवृत्ति पा सकते हैं। स्कॉलरशिप के बारे में विस्तार से जानने के लिए इस लेख को आगे पढ़ें। किन कक्षाओं के बच्चों को मिलेगी यह स्कॉलरशिप ? कक्षा 9 से लेकर पीएचडी तक के छात्र इस छात्रवृत्ति के लिये आवेदन कर सकते हैं। इन कक्षाओं में पढ़ने वाला कोई छात्र यदि इस वर्ष संस्कृत पढ़ रहा हो और निम्नलिखित नियम व शर्तों को पूरा करता हो, तो वह इस छात्रवृत्ति के लिये आवेदन कर सकता है। स्कॉलरशिप के लिये आवेदन करने की क्या-क्या नियम व शर्तें हैं ? स्कॉलरशिप के लिये आवेदन करने की तीन मुख्य शर्तें हैं; 1. छात्र इस वर्ष संस्कृत पढ़ रहा हो। 2. पिछली कक्षा में बच्चे ने संस्कृत विषय में कम से कम 60% अंक या इसके बराबर ग्रेड(B1 या अधिक) हासिल किये हों। 3. सभी विषयों में मिलाकर कुल 60% अंकों के साथ पिछली कक्षा में उत्तीर्ण हुआ हो। उदाहरण के तौर पर ध्रुव इस साल यानी 2024-25 में दसवीं कक्षा में संस्कृत पढ़ रहा है और उसने पिछले वर्ष कक्षा 9 में संस्कृत में 65 अंक या B1 ग्रेड हासिल किये थे। उसने पिछले साल यानी कक्षा 9 में सभी विषयों में मिलाकर कुल 61% अंक प्राप्त किये थे। इस उदाहरण में ध्रुव स्कॉलरशिप के लिये अप्लाई कर सकता है। यदि पीएचडी का कोई स्कॉलर आवेदन करता है तो उसके लिये निम्न शर्तें हैं; 1. अध्येता पिछले वर्ष यानी मास्टर्स में 60% से अधिक अंकों के साथ उत्तीर्ण हुआ हो। 2. पीएचडी में रजिस्ट्रेशन इस नोटिफिकेशन की डेट से पहले हो चुका हो। 3. पीएचडी में रजिस्ट्रेशन 2 साल से ज़्यादा पुराना नहीं होना चाहिये। किसे कितनी स्कॉलरशिप मिलेगी ? कक्षा 9 व 10 में पढ़ रहे छात्रों को – 5000/- रुपये सालाना या 500/- रुपये प्रतिमाह (10 महीने तक) कक्षा 11 व 12 में पढ़ रहे छात्रों को – 6000/- रुपये सालाना या 600/- रुपये प्रतिमाह (10 महीने तक) ग्रेजुएशन के छात्रों को - 8000/- रुपये सालाना या 800/- रुपये प्रतिमाह (10 महीने तक) मास्टर्स के छात्रों को - 10000/- रुपये सालाना या 1000/- रुपये प्रतिमाह (10 महीने तक) एम.फिल्/पीएचडी के छात्रों को - 2500/- रुपये प्रतिमाह (12 महीनों के लिये) + 5000/- रुपये आकस्मिक खर्चों हेतु यानि सालाना 35000/- रुपये। स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कैसे करना है ? 1. स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन ही आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के समय कोई भी दस्तावेज अपलोड करने की आवश्यकता नहीं है और ना ही कोई दस्तावेज डाक द्वारा या अन्य किसी माध्यम से भेजे जाने की आवश्यकता है। 2. छात्र के आवेदन करने से पहले स्कूल/कॉलेज को स्कॉलरशिप के लिये खुद को रजिस्टर्ड करवाना आवश्यक है। 3. स्कूल/कॉलेज/संस्थान की प्रोफाइल रजिस्टर्ड हो जाने के बाद ही छात्र स्कॉलरशिप के लिए अप्लाई कर सकते हैं। 4. स्कॉलरशिप के लिये ऑनलाइन आवेदन करने का लिंक है: https://scholarship.csu.co.in/ 5. आवेदन करने की अन्तिम तिथि:- 15 सितम्बर 2024 Step by step आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया समझने के लिये वीडियो देखें: https://youtu.be/0qij_kxIyuo?si=1rI34PEfNOpes1zr स्कूल/कॉलेज/इंस्टीट्यूट खुद को विश्वविद्यालय के पोर्टल पर कैसे रजिस्टर करें? जानने के लिये वीडियो देखें: https://youtu.be/kW-fSH1_ADk?si=3WGVEjujD5jpuYEj स्कॉलरशिप कैसे दी जायेगी ? छात्रवृत्तियों की संख्या धन की उपलब्धता के आधार पर निर्धारित होगी। लाभार्थियों का चयन करने के लिये केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा छात्रवृत्ति चयन समिति का गठन किया जायेगा। प्राप्तांक/ग्रेड के आधार पर मेरिट तैयार की जायेगी। एक बार यदि स्कॉलरशिप के लिये आपका चयन हो जाता है तो धनराशि का भुगतान जुलाई से अप्रैल महीने के बीच सीधे बैंक खाते में किया जायेगा।

शिक्षा की संकल्पना जब बनी होगी तो निश्चय ही कुछ विचार इस संकल्पना के अंतर्गत निहित रहे होंगे। जैसे, एक दूसरे से सीखना, परस्पर सहयोग करना, साथ में आगे बढ़ना (चूंकि यह पहले से जान लिया गया होगा कि प्रत्येक व्यक्ति की कार्यक्षमता और दक्षता अलग-अलग हो सकती है) ये सभी बातें मिलकर हमें सभ्य समाज स्थापित करने की ओर ले जाती हैं और इस सभ्य समाज की संकल्पना को ध्यान में रखकर ही विद्यालय का निर्माण किया गया होगा ताकि शिक्षा के उद्देश्यों को प्राप्त किया जा सके अर्थात् स्कूल को समाज का पर्याय माना गया। यानि एक सामाजिक संस्थान, जहाँ पर बच्चे सिर्फ एक-दूसरे से सीखते ही नहीं हैं अपितु इस संस्थान की प्रत्येक गतिविधि इस प्रकार से तय की गई होती है कि छात्र और छात्राएँ समाज के बीच स्वयं को बेहतर तरीके से समायोजित कर स्वयं के और समाज के विकास में अपना योगदान कर सकें और इस प्रकार से सभ्य समाज की संकल्पना स्थापित रह सके।
         जिस सभ्य समाज की स्थापना के लिए विद्यालय बनाए गए हैं, वह समाज कुछ नियमों पर चलता है जिनकी झलक संविधान की उद्देशिका में मिलती है। इसमें लोकतान्त्रिक व्यवस्था, विचारों की अभिव्यक्ति, अवसरों की समता तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और बंधुत्व की भावना प्रमुख हैं।
इन नियमों और मूल्यों को बच्चों में स्थापित करने की निर्णायक जिम्मेदारी स्कूल पर आती है क्योंकि यदि सोने के घंटे निकाल दिए जाएँ, तो बच्चे का अधिकांश समय स्कूल में ही बीतता है। इस दृष्टिकोण से विद्यालय की यदि ज्यादा भी जिम्मेदारी ना समझें, तो परिवार के बराबर तो अवश्य ही निर्धारित हो जाती है। शायद तभी माता-पिता और शिक्षकों को सम्मान का दर्जा भी दिया गया है क्योंकि वे ही बेहतर समाज बनाने और बेहतर जीवन जीने के लिए हमें तैयार करते हैं।
               तो अब बात करते हैं समाज के इस सभ्य भविष्य को तैयार करने वाले की, यानि शिक्षक की। इस पूरे प्रकरण का मुख्य बिंदु जिसके बिना किसी सभ्य समाज की संकल्पना पूर्ण नहीं हो सकती है।
शिक्षक ही वह व्यक्ति है जिसके माध्यम से विद्यालय की गतिविधियाँ संचालित होती हैं, परन्तु यह शिक्षक आता कहाँ से हैं? समाज से। उसी समाज से जिस समाज को हम सभ्य समाज बनाना चाहते हैं। सवाल ये है कि क्या वह शिक्षक सामाजिक स्तर पर मुक्त है? बिल्कुल नहीं है और ना ही हो सकता है। वह भी इस समाज के ताने-बाने से बँधा एक प्राणी है। तो बात करनी चाहिए उस पर, जो कि हो सकता है। उसके कार्य क्षेत्र पर, यानि क्या शिक्षक को स्कूल में काम करने की आज़ादी है? क्या वह स्वयं यह तय कर सकता है कि वह अपने छात्रों को कब और कैसे किस पाठ को पढ़ाएगा? किन संसाधनों का उपयोग करेगा आदि आदि। क्या शिक्षक शिक्षण का ही कार्य करता है या अन्य कार्यों में संलग्न है? आज की स्थिति पर यदि गौर करें तो शिक्षक के माध्यम से शिक्षण के अलावा अन्य बहुत से कार्य संचालित कराए जाते हैं।
यदि हम चाहते हैं कि शिक्षा के माध्यम से तर्क और सृजन करने की क्षमता, दूसरों को सम्मान देना, स्वतन्त्र सोच, अभिव्यक्ति और समानता को हमारी आने वाली पीढ़ियाँ बरकरार रखें, तो हमें शिक्षक को उसे उसका कार्य, तर्क व सृजन करने की स्वतन्त्रता देकर दिमागी तौर पर तनावरहित करना होगा क्योंकि आज की स्थिति में शिक्षक लगातार अपने कार्य को स्वतन्त्रतापूर्वक न कर पाने के कारण ही तनाव में है। जिस कार्य के लिए उसे नियुक्त किया जाता है, उसे किनारे कर अतिरिक्त कार्यों का भार जिस प्रकार से शिक्षक के मत्थे मढ़ दिया जाता है क्या इस प्रकार से वास्तव में हम सभ्य समाज की संकल्पना को पूर्ण करवा पाएँगे? यदि मनोवैज्ञानिक तौर पर भी देखें, तो किसी भी सृजनात्मक कार्य, भावात्मक कार्य को करने के लिए तनाव मुक्त और प्रसन्न चित्त रहना बेहद आवश्यक है।
           जो व्यक्ति अपना कार्य करने के लिए स्वयं स्वतन्त्र नहीं है, वह अपने छात्रों को स्वतन्त्रता और सम्मान का पाठ कैसे पढ़ा सकता है? परन्तु फिर भी हमारे शिक्षक अपने कार्य की गरिमा को बहुत बेहतर तरीके से समझते हैं और इसी कारण इन विषम परिस्थितियों के बावजूद बहुत बेहतर कर रहे हैं।
             यह विचारणीय है कि शिक्षक भी उसी समाज से आता है, जहाँ पर लोग कहते हैं कि शिक्षक करते ही क्या हैं? सिर्फ़ आधे दिन का काम ही तो है। शायद इसी विचारधारा के कारण अतिरिक्त कार्यों का भार शिक्षक पर डाल दिया जाता है। पर क्या कभी सोचा गया कि यदि शिक्षक का कार्य इतना आसान है तो शिक्षकों और स्कूलों की आवश्यकता क्यों? यानि यह सभी जानते हैं कि शिक्षण जैसे गम्भीर कार्य को करने के लिए कितनी दिमागी मेहनत की आवश्यकता है, इसीलिए हम अपने बच्चों को स्कूल भेजते हैं परंतु यह स्वीकारना नहीं चाहते कि इस आधे दिन के काम के लिए एक शिक्षक लगातार काम करता है।
              समाज को इस अहम सवाल पर विचार करने की ज़रूरत है कि क्या कोई भी शिक्षक सिर्फ़ शिक्षक दिवस पर कुछ सन्देशों और पुरस्कार का ही अभिलाषी है या फिर वह खुलकर कार्य करने की स्वतन्त्रता पाने का भी हक़दार है।
-    डॉक्टर मधुलिका शर्मा



चित्रवर्णनम्



संस्कृत में चित्रवर्णन एक महत्वपूर्ण विषय है,जो कक्षा आठ से प्रारंभ हो जाता है। मैंने अपने शिक्षण में पाया कि यह एक ऐसा विषय है जिससे बच्चे बहुत घबराते हैं और ज्यादातर विद्यार्थी इस विषय से जुड़े प्रश्न को करने की कोशिश ही नहीं करते, लेकिन मुझे लगता है कि अपने अंको को बढ़ाने के लिए यह सबसे अच्छा उप-विषय है। कुछ बारीकियों को जानकर इसमें अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं । आइए जानते हैं इन छोटी-छोटी बातों को जो हमें चित्र वर्णन के समय ध्यान रखनी चाहिए -



1. चित्र को ध्यानपूर्वक देखना -



चित्र वर्णन में चित्र को ध्यान-पूर्वक देखना बहुत जरूरी है।  सबसे पहले चित्र में क्या दर्शाया गया है , अर्थात चित्र किस विषय को ध्यान में रखकर बनाया गया है, यह जानना बहुत जरूरी होता है । उसके पश्चात चित्र में कौन-कौन से जीव-जंतु , वस्तु, स्थान, लोग है उन पर ध्यान देना और पहचानना चाहिए।



2. मंजूषा की सहायता लेना -



चित्र वर्णन को आसान बनाने के लिए मंजूषा के शब्दों की भलीभांति पहचान जरूरी है । एक बात यहां ध्यान देने योग्य है कि मंजूषा में यदि आपको तीन कर्ता दिए हुए हैं तो आप उसके वचन में परिवर्तन करके 9 कर्ता बना सकते हैं जैसे- बालक: शब्द दिया है तो हम चित्र के अनुसार उसके द्विवचन बालकौ और बहुवचन बालका: का प्रयोग कर सकते हैं। यही काम हम मंजूषा में दी हुई क्रिया के साथ भी कर सकते हैं, यदि क्रिया द्विवचन की दी हुई है तो हम उसे अपने कर्ता के अनुसार 9 सब्जेक्ट के साथ जोड़ सकते हैं उसमें थोड़ा सा परिवर्तन करके। अंतत: प्रयोग किए जा सकने वाले शब्दो का संकेत हमें मंजूषा में मिलता है।



3. छोटे-छोटे वाक्य बनाने का प्रयास करना -



चित्र वर्णन का मुख्य उद्देश्य होता है- वाक्य रचना। वाक्य लघु अथवा दीर्घ हो, यह महत्वपूर्ण नही है। प्रत्येक बनाए गए वाक्य का एक अंक उसके भाव का और एक अंक व्याकरण की शुद्धता के लिए होता है इसलिए वाक्य बनाते समय क्लिष्टता ना दिखाकर छोटे-छोटे वाक्यों के माध्यम से प्रश्न को हल करना चाहिए। जैसे -  बालक: क्रीडति । यहां केवल कर्ता और क्रिया के साथ ही वाक्य निर्माण किया गया है जो की सरल और व्याकरण की दृष्टि से शुद्ध है।



4. व्याकरण  -



वाक्य विशेषत:  (वर्तमान काल) लट् लकार, प्रथम पुरुष में बनाने चाहिए । यह लकार सबसे आसान होता है और विद्यार्थियों को बड़ी सरलता से याद भी हो जाता है।







उपरोक्त चारो बिंदुओं पर ध्यान देकर कठिन लगने वाले चित्र वर्णन को बहुत ही सरल एवं प्रभावी बनाया जा सकता है और बड़ी ही सरलता से अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।



यह लेख आपको कैसा लगा कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। 
किसी भी प्रकार के सुझाव या सलाह के लिए कांटेक्ट फॉर्म भरे। 
धन्यवाद!




“कोरोना संकट और पढ़ाई”







पढ़ाई (शिक्षा का एक रुप) प्रत्येक व्यक्ति के लिए बहुत ही आवश्यक है, लेकिन उसके लिए एक व्यक्ति की पारिवारिक एवं मानसिक स्थिति का सही होना भी उतना ही आवश्यक है। यहां कुछ व्यक्ति बहुत से ऐसे उदाहरण दे सकते हैं जिनमें व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पढ़ाई कर पाया। तो बंधु! अपवाद हर जगह होते हैं। वर्तमान कोरोना संकट पर नजर डालें तो अभी बहुत दूर तक भी इससे निजात पाने की संभावना नजर नहीं आ रही है परंतु उम्मीद का दामन तो नहीं छोड़ सकते न और हमें विश्वास है कि जब हम 68 दिन तक 4 फेज के लॉकडाउन से बाहर आ गए तो आगे भी सब अच्छा ही होगा। बात करते हैं कि एक विद्यार्थी किस प्रकार यह संकट का समय भी अपने स्वयं के लिए कारगर साबित कर सकता है। इसके लिए सबसे पहले तो विद्यार्थी की वास्तविक पारिवारिक स्थिति को जान लेना बहुत जरूरी है। इसके लिए हम विद्यार्थियों को कुछ वर्गों में बाँट लेते है - 1. अत्यधिक विषम पारिवारिक परिस्थिति वाला वर्ग 2. केवल मूलभूत आवश्यकता की पूर्ति वाला वर्ग 3. सामान्य पारिवारिक परिस्थिति वाला वर्ग 4. अच्छी पारिवारिक परिस्थिति वाला वर्ग



अब इन सभी वर्गों को एक-एक करके देखते हैं –







1.अत्यधिक विषम पारिवारिक परिस्थिति वाला वर्ग –

            इस वर्ग में हम उन बच्चों को सम्मिलित करते हैं जिनके परिवार को अभी दो वक्त का भोजन पाने के लिए भी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। ऐसे विद्यार्थी को इस समय ऑनलाइन पढ़ाई के लिए बाध्य करना कहाँ तक उचित है? क्या जब व्यक्ति का पेट खाली होता है तो वह पेट भरने के अलावा कुछ सोच पाता है? लेकिन पढ़ाई तो जरूरी है और जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू है तो ऐसी स्थिति में विद्यार्थी को चाहिए कि वह अपने घर में उपलब्ध पुरानी कक्षा की पुस्तकों को ही बार बार अच्छे से पढ़े ताकि उसका पढ़ाई से जुड़ाव बना रहे, साथ ही साथ अपने माता पिता के कार्यों में हाथ बँटाए जिससे पारिवारिक स्थिति में सुधार हो सके।







2. केवल मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति वाला वर्ग-

             ऐसा वर्ग अपना पेट तो भर पा रहा है लेकिन भविष्य की चिंताओं से ग्रस्त है। माता-पिता की आने वाले समय में नौकरी रहेगी या नहीं रहेगी इस बात से चिंतित है।आगे परिवार का गुजारा कैसे होगा यही सब उसके दिमाग में चलता रहता है। ऐसे वर्ग को पढ़ाई के लिए बाध्य करना/उस पर दबाव बनाना सर्वथा अनुचित है। ऐसे बच्चों को पढ़ाई के लिए क्या करना चाहिए? ऐसे बच्चों को चाहिए कि वह घर में उपलब्ध पुस्तकों की पुनरावृत्ति करते रहे,उन्हें बार-बार पढ़ते रहे ताकि हर टॉपिक पर उनकी पकड़ बन जाए।







3. सामान्य पारिवारिक स्थिति वाला वर्ग-







यह वर्ग कहीं न कहीं बाकी दो वर्गों की तुलना में अच्छी स्थिति में है। अतः इसके पास पढ़ने के ज्यादा विकल्प मौजूद है। यह वर्ग अपनी नई कक्षा की पुस्तकों को खरीद कर अच्छे से अध्ययन कर सकता है। यदि घर में स्मार्टफोन/ कंप्यूटर है तो यूट्यूब जैसे माध्यमों का प्रयोग कर अपनी पढ़ाई को सशक्त बना सकता है जरूरत है, तो बस नियमित अभ्यास की।





4. अच्छी पारिवारिक स्थिति वाला वर्ग-







इस वर्ग में बहुत कम लोग शामिल है क्योंकि कोरोना काल में 68 दिन तक निरंतर बंद रही अर्थव्यवस्था ने अच्छे-अच्छे को पानी पिला दिया है। खैर यह वर्ग इतना सशक्त है कि पढ़ाई के लिए ऑनलाइन साधनों का पहले से ही इस्तेमाल करता आ रहा है। अभी जैसे कि सभी स्कूल कॉलेज बंद है तो इस वर्ग को अपनी ज्ञान वृद्धि के लिए और अधिक समय मिला हुआ है। यदि एक नियमित दिनचर्या का पालन कर नई कक्षा की पुस्तकें, ऑनलाइन कोचिंग क्लासेस या ऑनलाइन यु ट्यूब क्लासेज का प्रयोग किया जाए, तो पढ़ाई की गति दोगुनी भी हो सकती है।







उपसंहार –



                  वास्तविक पारिवारिक एवं मानसिक स्थिति पढ़ाई के लिए महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। पढ़ाई ऐसा कार्य नहीं है जो किसी को बाध्यता से कराया जाए, परंतु जब हम किसी को पूरी तरह बंधन मुक्त कर देते हैं तो वह स्वच्छंद हो जाता है। आपने देखा भी होगा जब एक छोटे बच्चे को पहली बार स्कूल भेजा जाता है तो दो-चार दिन तो खुशी-खुशी जाता है पर उस के बाद में वहां जाने से कतराने लगता है। लेकिन फिर भी हम उसे भेजते रहते हैं। पढ़ाई के लिए थोड़े बंधन/बाध्यता भी जरूरी होती है। इंटरनेट का सही प्रयोग इस कोरोना के संकट के समय में भी हमें न केवल हमारी पढ़ाई से जोड़े रख सकता है बल्कि नई-नई चीज़ों को जानने में भी हमारा सहायक बन सकता हैं। हमने विभिन्न वर्ग के विद्यार्थियों के आधार पर पढ़ाई की संभावनाओं को इस आशा के साथ आपके सामने रखा कि यह कोरोना का संकट जल्दी ही हमारे जीवन से दूर होगा और हम सभी कोरोना-मुक्त सवेरा देखेंगे।

Please write your views about article in the comment box below.